रक्सौल क्षेत्र में मधनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, 234 बोतल कस्तूरी शराब और 3 लीटर चुलाई शराब के साथ चार गिरफ्तार
रक्सौल (पूर्वी चंपारण): बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मधनिषेध एवं उत्पाद विभाग लगातार विशेष अभियान चला रहा है। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल क्षेत्र में मधनिषेध एवं उत्पाद थाना की टीम ने थाना अध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच एवं संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 234 बोतल कस्तूरी विदेशी शराब तथा 3 लीटर चुलाई (देशी) शराब बरामद की है।
मधनिषेध विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रामगढ़वा थाना क्षेत्र के उमरी वार्ड संख्या-10 निवासी राहुल कुमार (22 वर्ष), पिता पशुपराम सिंह तथा रामगढ़वा थाना क्षेत्र के लक्षनवा वार्ड संख्या-07 निवासी धीरज कुमार (20 वर्ष), पिता राजेश ठाकुर को 234 बोतल कस्तूरी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शराब के साथ मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में रक्सौल थाना क्षेत्र के कोइरिया टोला वार्ड संख्या-25 निवासी शम्भु शर्मा (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुकदेई शर्मा तथा संग्रामपुर थाना क्षेत्र के टिकुला भवानीपुर वार्ड संख्या-03 निवासी रविरंजन (30 वर्ष), पिता बृजनकिशोर दुबे को 3 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बरामद चुलाई शराब को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध भी उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराने के लिए क्षेत्र में लगातार वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।
मधनिषेध विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस या उत्पाद विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
