नरकटिया के पीएम श्री विद्यालय में एनसीसी कैडेट्स ने लगाया पौधों का ‘सुरक्षा कवच’
नरकटिया । सरकार के राष्ट्रव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत सोमवार को पीएम श्री बंती लाल साह सत्यदेव प्रसाद उच्च माध्यमिक विद्यालय, नरकटिया में एनसीसी कैडेट्स ने वृहद् पौधारोपण अभियान चलाया।
विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने न सिर्फ पौधारोपण किया, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और समाज में पेड़-पौधों के संरक्षण के साथ मातृशक्ति के सम्मान का संदेश पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सह एनसीसी अधिकारी लोकेश कुमार एवं वरिष्ठ शिक्षक मोहम्मद असलम मौजूद रहे। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को पर्यावरण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
पौधारोपण अभियान का नेतृत्व सीनियर एनसीसी कैडेट इरफान, कुणाल, मोनू, मनीषा कुमारी और सिमरन ने किया। कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने संकल्प लिया कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
AGM FIRST | Accurate Global Media
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में युवाओं की यह पहल समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
