पत्रकारों पर हमले के खिलाफ एकजुट हुआ बिहार का मीडिया, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
पटना। राजधानी पटना में छात्र प्रदर्शन के दौरान मीडिया कर्मियों पर हुए हमले के विरोध में गुरुवार को बिहार के पत्रकार संगठनों ने अभूतपूर्व एकजुटता का परिचय दिया। बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में पत्रकार डाकबंगला चौराहा पर एकत्र हुए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना था कि समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों और कैमरापर्सनों पर हमला केवल किसी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है।
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के सचिव मुकुंद कुमार सिंह ने कहा कि हाल के वर्षों में मीडिया कर्मियों पर हमले की घटनाओं में वृद्धि गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विमर्श में बढ़ती असंवेदनशीलता और मीडिया के प्रति अमर्यादित भाषा समाज में पत्रकारों के प्रति अविश्वास का माहौल तैयार करती है, जिसका खामियाजा जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार हर परिस्थिति में निष्पक्ष होकर सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और जन आंदोलनों की खबरें जनता तक पहुंचाते हैं। ऐसे में समाचार संकलन के दौरान उन्हें निशाना बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मीडिया कर्मियों के सम्मान और सुरक्षा का स्पष्ट संदेश दें।
प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि बिहार का पत्रकार समाज पूरी तरह एकजुट है और किसी भी पत्रकार पर होने वाले हमले, दुर्व्यवहार या आपराधिक घटना का हर स्तर पर संगठित विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी मीडिया संस्थान या संगठन से जुड़े होने के बावजूद पत्रकारों की सुरक्षा का सवाल सभी का साझा मुद्दा है और इस पर पूरा पत्रकार समाज एक साथ खड़ा रहेगा।
यूनियन ने सरकार से मांग की कि पत्रकारों पर हमला करने वाले उपद्रवियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में मुकुंद कुमार सिंह के अलावा मंदीप यादव , रविन्द्र जाडेजा, रंजन कुमार , मनोहर कुमार , संजीत गुप्ता, अनूप नारायण सिंह, आकाश कुमार, परमानन्द कुमार, कुंदन कुमार, पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, दीपक कुमार, चन्द्रमोहन पांडे, सुरजीत कुमार, सच्चिदानंद, राकेश दुबे, प्रत्युष राय, सचिन तिवारी, कृष्ण नंदन, रितेश कुमार, कृपाशंकर, रजनीश कुमार, ब्रजेन्द्र मिश्रा, कुमुद रंजन, धर्मेंद्र सिन्हा, अक्षय किशोर, गोलू कुमार, शिव कुमार, कुंदन पांडेय, राजीव रंजन पाठक, सुधेंदु रमन, सुजीत श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के माध्यम से बिहार के पत्रकारों ने स्पष्ट कर दिया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी किसी पत्रकार पर हमले की हर घटना का संगठित और लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा।
