बहुजन आर्मी का राज्य अनुसूचित जाति आयोग पर प्रदर्शन, 7 सूत्री ज्ञापन सौंपा; 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन
पटना, 30 जुलाई। बहुजन आर्मी के केंद्रीय अध्यक्ष गोल्डन दास के नेतृत्व में गुरुवार को बिहार के विभिन्न जिलों से आए 100 से अधिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के पीड़ितों ने बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग का घेराव किया। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए आयोग कार्यालय पहुंचे और आयोग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान “मुर्दा चेयरमैन शर्म करो, नहीं तो कुर्सी खाली करो”, “SC/ST के फॉरवर्ड दलाली बंद करो”, “बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग हाय-हाय”, “कायर की तरह मलाई खाना बंद करो” सहित कई नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एससी-एसटी एक्ट के मामलों में पीड़ितों को समय पर न्याय नहीं मिल रहा है और कई मामलों को दबाने की कोशिश की जाती है।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के सदस्य संजय कुमार से मुलाकात कर उन्हें 7 सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि एससी-एसटी एक्ट के सभी मामलों की जांच केवल डीएसपी या उससे ऊपर के अधिकारी से कराई जाए, नियम-7 का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, प्रत्येक पात्र पीड़ित को अलग-अलग राहत राशि मिले, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो, बीएनएसएस की धारा 35(3) के कथित अनुचित प्रयोग पर रोक लगे तथा राज्य स्तर पर स्थायी निगरानी तंत्र का गठन किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पीड़ित अपनी-अपनी शिकायतें और आवेदन लेकर आयोग पहुंचे हैं तथा सभी मामलों में शीघ्र न्याय की अपेक्षा है।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य संजय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि एससी-एसटी एक्ट के तहत लंबित मामलों में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोग में यह प्रस्ताव रखा जाएगा कि एससी-एसटी एक्ट के किसी भी मामले की जांच डीएसपी रैंक से नीचे का कोई अधिकारी नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि कई थानों में बिचौलियों और कुछ पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत से मामलों को दबाने की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे मामलों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 15 दिनों के भीतर पुलिस महानिदेशक (डीजी) और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) के साथ बैठक कर ज्ञापन में उठाई गई सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा उन्हें लागू कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनिल दास, संपादक शत्रुघ्न कुमार (पटना), जिला अध्यक्ष सतेन्द्र चौधरी (शेखपुरा), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के जिला अध्यक्ष जेपी भाई, रविंद्र राम, नितेश राव, रंजीत कुमार, इंद्रजीत कुमार, सर्वेश कुमार, सिकंदर चौधरी, रंजन कुमार, संगीता देवी, चिंता देवी, रामेश्वर कुमार राम, अशोक कुमार, दशरथ राम, संजीव राम, राजू कुमार पासवान, रूपेश कुमार, सनी कुमार राम, बादल कुमार राम, चंद्रशेखर कुमार, अरुण कुमार, धर्मेंद्र कुमार, चंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न जिलों से आए पीड़ित मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में बहुजन आर्मी के केंद्रीय अध्यक्ष गोल्डन दास ने कहा कि यदि आयोग और राज्य सरकार ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो संगठन पूरे बिहार में चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी समाज के पीड़ितों को न्याय दिलाने और कानून का सख्ती से पालन कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
