रक्सौल में बीईओ का निर्देश: आधार विहीन छात्रों का जल्द बने आधार, शत-प्रतिशत तैयार हो APAAR ID

रक्सौल प्रखंड के भेलाही स्थित नथुनी दुर्गा हाई स्कूल में आयोजित समीक्षा बैठक में बीईओ प्राण रंजन प्रसाद ने सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आधार विहीन छात्रों का जल्द आधार कार्ड बनवाने और सभी विद्यार्थियों की APAAR ID शत-प्रतिशत तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालयों में विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और शिक्षकों की डिजिटल प्रविष्टि समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया।
रक्सौल में बीईओ का निर्देश: आधार विहीन छात्रों का जल्द बने आधार, शत-प्रतिशत तैयार हो APAAR ID
रक्सौल में बीईओ प्राण रंजन प्रसाद की अध्यक्षता में APAAR ID और आधार कार्ड को लेकर सरकारी विद्यालयों की समीक्षा बैठक

रक्सौल। प्रखंड क्षेत्र के भेलाही स्थित नथुनी दुर्गा हाई स्कूल परिसर में गुरुवार को प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रधान शिक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्राण रंजन प्रसाद ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए बीईओ श्री प्रसाद ने कहा कि जिले में लगभग तीन लाख छात्र-छात्राएं अभी तक अपार (APAAR) आईडी से वंचित हैं। इनमें करीब 37 हजार विद्यार्थियों के पास आधार कार्ड उपलब्ध है, जबकि लगभग 2 लाख 63 हजार छात्रों का आधार कार्ड नहीं बन पाया है। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि आधार विहीन विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर शीघ्र आधार कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें, ताकि सभी बच्चों की अपार आईडी समय पर तैयार हो सके।

उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत प्रशस्त ऐप पर शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने, विद्यालयों में उपस्थिति पंजी का सुव्यवस्थित संधारण तथा फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) में सभी शिक्षकों की प्रविष्टि समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों का आवेदन भरवाने पर जोर देते हुए जन्मतिथि का निर्धारित मानकों के अनुसार सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के दौरान विभागीय दिशा-निर्देशों, शैक्षणिक गतिविधियों तथा विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कई प्रधानाध्यापकों ने विद्यालयों की समस्याओं से भी बीईओ को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

बैठक में डाटा एंट्री ऑपरेटर मनोज कुशवाहा, शिक्षक मनीष कुमार के अलावा प्रधानाध्यापक छोटेलाल राय, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार, गोपाल प्रसाद,मुनेश राम, बृज किशोर प्रसाद, विद्या बाबू, जितेंद्र शाह, जवाहरलाल प्रसाद, कुंदन कुमार, प्रियंका कुमारी, इंदु कुमारी, विनय कुमार सिंह, मदन प्रसाद यादव, चंदन राम, राजेश कुमार, कृष्ण सिंह, अरविंद कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, रौनक, ज्योति गुप्ता, अनिता कुमारी सहित प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षक उपस्थित रहे।