रक्सौल में बसपा का बड़ा संगठनात्मक फैसला, कपिलदेव राम बने विधानसभा अध्यक्ष; संगठन विस्तार पर जोर
लक्ष्मणवा में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, संगठन विस्तार और बहुजन एकता पर दिया गया जोर
रक्सौल (पूर्वी चंपारण): रक्सौल विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मणवा स्थित अंबेडकर नगर में शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कपिलदेव राम को रक्सौल विधानसभा अध्यक्ष मनोनीत किया गया। मनोनयन की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
बैठक की अध्यक्षता नवमनोनीत विधानसभा अध्यक्ष कपिलदेव राम ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के मुख्य जोन प्रभारी बलिराम प्रसाद तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश सचिव चंद किशोर पाल और जिलाध्यक्ष मथुरा राम उपस्थित रहे। इसके अलावा भिखारी राम, कमोद कुमार राम, रामपूजन राम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
मुख्य जोन प्रभारी बलिराम प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि बहुजन समाज पार्टी महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज, डॉ. भीमराव आंबेडकर, पेरियार, मान्यवर कांशीराम, बाबू जगदेव प्रसाद और बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों के विचारों पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उन्नति के लिए पार्टी लगातार कार्य कर रही है तथा समाज को विभाजनकारी शक्तियों से सतर्क रहने की आवश्यकता है।
जिलाध्यक्ष मथुरा राम ने कहा कि युवाओं को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने समाज से अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव चंद किशोर पाल ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को अपने मताधिकार का सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर बल दिया।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी की इकाइयों को सक्रिय करने तथा बहुजन समाज के बीच जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में नवमनोनीत विधानसभा अध्यक्ष कपिलदेव राम ने सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा रक्सौल विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बहुजन समाज की आवाज को मजबूत करने और संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
