मुजफ्फरपुर में सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल की संदिग्ध मौत, किराए के कमरे से शव बरामद
मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोली में 45 वर्षीय सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल मनीष कुमार सिस्का का शव उनके किराए के कमरे से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मनीष कुमार सिस्का खगड़िया जिले के गोगरी जमालपुर गांव के मूल निवासी थे। वह पिछले लगभग एक महीने से अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ ब्राह्मण टोली स्थित एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी के मकान में किराए पर रह रहे थे। उनके भाई भी मुजफ्फरपुर में ही अलग स्थान पर किराए के मकान में रहते हैं।
परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले मनीष बच्चों को स्कूल से घर लेकर आए थे। इसके बाद वे अपने कमरे में आराम करने चले गए और पत्नी से चाय बनाने को कहा। जब पत्नी चाय लेकर कमरे में पहुंचीं तो मनीष बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिले। जांच करने पर उनकी सांसें नहीं चल रही थीं।
मनीष के भाई ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के पहुंचने से पहले परिवार के सदस्यों ने शव को नीचे उतार लिया था और कमरे की सफाई भी कर दी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
