दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में मोतिहारी में छात्रों का प्रदर्शन, एसडीओ को सौंपा पांच सूत्री मांगपत्र
मोतिहारी, पूर्वी चंपारण। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को पूर्वी चंपारण के जिला मुख्यालय मोतिहारी में विभिन्न छात्र संगठनों के छात्रों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। जिला समाहरणालय के समीप एकत्रित छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर मार्च निकाला और अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते हुए केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।धरना-प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “मोदी की तानाशाही नहीं चलेगी”, “छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो” जैसे नारे लगाए। उनका कहना था कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।प्रदर्शन के बाद छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने मोतिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा। छात्रों ने मांग की कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान जिन छात्रों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें बिना किसी भेदभाव के रिहा किया जाए। साथ ही जिन छात्रों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उसे वापस लिया जाए तथा उनके शैक्षणिक भविष्य को प्रभावित करने वाली किसी भी कार्रवाई को निरस्त किया जाए।इसके अलावा छात्रों ने देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा भविष्य में छात्रों पर बिना कारण लाठीचार्ज जैसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है और इसका जवाब बल प्रयोग से नहीं दिया जाना चाहिए।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीओ ने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों को संबंधित उच्च अधिकारियों तक भेजा जाएगा, ताकि इस पर आवश्यक स्तर पर विचार किया जा सके। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण ढंग से धरना समाप्त करने की अपील की। प्रशासन की अपील के बाद छात्र शांतिपूर्वक वहां से रवाना हो गए।
