मोतिहारी में प्रखण्ड स्तरीय FLN मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण संपन्न, शिक्षकों को TaRL आधारित शिक्षण पद्धति की दी गई जानकारी
मोतिहारी, 01 अगस्त 2026। बिहार शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में जिला स्कूल, मोतिहारी में प्रखण्ड स्तरीय FLN (बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान) मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों में FLN के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मास्टर ट्रेनर्स को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और गतिविधि आधारित अधिगम से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण के दौरान Teaching at the Right Level (TaRL) आधारित शिक्षण पद्धति, विद्यालय स्तर पर FLN के प्रभावी संचालन, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, अधिगम आकलन एवं शैक्षणिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय नोडल शिक्षक रमेश कुमार एवं कमलेश कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं नागेन्द्र प्रसाद विशिष्ट आमंत्रित सदस्य के रूप में मौजूद रहे।
प्रशिक्षण का संचालन प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के जिला समन्वयक रंजीत झा ने किया। उन्होंने FLN की अवधारणा, TaRL पद्धति, गतिविधि आधारित शिक्षण और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए अपनाई जाने वाली रणनीतियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रखण्ड स्तरीय नोडल शिक्षक राजेश कुमार प्रसाद ने FLN कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों को विद्यालय एवं संकुल स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सहयोग देने की रूपरेखा से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सुधांशु रंजन गौड़ द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में प्रखण्ड के सभी CRC से चयनित FLN मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लिया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों में मिथिलेश कुमार पाठक, नकुल कुमार, नेहा जायसवाल, सुचित्रा यादव, अलका शुक्ला एवं प्रतिमा कुमारी सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों ने FLN कार्यक्रम को विद्यालय स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रखण्ड स्तरीय नोडल शिक्षक राजेश कुमार प्रसाद की भूमिका की उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने सराहना की।
AGM FIRST | Accurate Global Media
