गोपालगंज श्रावणी मेला :डीएम और एसपी ने बाबा दानेश्वर (सिंहासनी) मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
गोपालगंज । श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिला पदाधिकारी, गोपालगंज एवं पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज ने बाबा दानेश्वर मंदिर (सिंहासनी मंदिर) का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक इंतजामों का निरीक्षण किया गया।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
- प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रावणी मेला के दौरान बाबा दानेश्वर मंदिर पहुंचने वाले सभी श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
