नरकटिया विधानसभा के विकास को लेकर विधायक विशाल कुमार ने केंद्र और राज्य सरकार से मांगी विशेष पहल, रेल, कृषि, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कई मुद्दे उठाए
मोतिहारी/नरकटिया। पूर्वी चंपारण जिले के नरकटिया विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर बिहार विधानसभा सदस्य एवं नरकटिया विधायक विशाल कुमार ने केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। विधायक ने रेल सुविधा के विस्तार से लेकर धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने और बनकटवा में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
विधायक विशाल कुमार ने अलग-अलग पत्रों के माध्यम से रेल मंत्री, केंद्रीय पर्यटन मंत्री, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा शिक्षा मंत्री सहित संबंधित विभागों का ध्यान नरकटिया विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया है।
छौड़ादानो रेलवे स्टेशन पर चार एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग
विधायक ने रेल मंत्रालय को भेजे पत्र में पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव देने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि छौड़ादानो रेलवे स्टेशन भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा हुआ महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। इस स्टेशन के माध्यम से प्रतिदिन हजारों यात्री शिक्षा, रोजगार, व्यापार, चिकित्सा, धार्मिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं। नेपाल से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह स्टेशन महत्वपूर्ण है।
विधायक के अनुसार वर्तमान में कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का छौड़ादानो स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के कारण क्षेत्र के यात्रियों को रक्सौल, बेतिया अथवा अन्य स्टेशनों तक जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इससे समय, धन और श्रम की अनावश्यक बर्बादी होती है। महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और मरीजों को भी विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
विधायक ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छौड़ादानो रेलवे स्टेशन पर निम्न ट्रेनों का नियमित ठहराव करने का अनुरोध किया है—
1. अमृत भारत एक्सप्रेस — ट्रेन संख्या 15557 (अप) एवं 15558 (डाउन)
2. सत्याग्रह एक्सप्रेस — ट्रेन संख्या 14007 (अप) एवं 14008 (डाउन)
3. जननायक एक्सप्रेस — ट्रेन संख्या 15565 (अप) एवं 15566 (डाउन)
4. रक्सौल-सियालदह एक्सप्रेस — ट्रेन संख्या 13043/13044
विधायक ने कहा है कि इन ट्रेनों के ठहराव से नरकटिया विधानसभा क्षेत्र के अलावा आसपास के दर्जनों पंचायतों के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। साथ ही भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी और यात्रियों को सुगम रेल यात्रा की सुविधा प्राप्त होगी।
वैकुण्ठ धाम और कतनौतिया धाम को धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग
विधायक विशाल कुमार ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री को पत्र भेजकर नरकटिया विधानसभा क्षेत्र स्थित वैकुण्ठ धाम एवं कतनौतिया धाम को राष्ट्रीय धार्मिक एवं पर्यटन महत्व के स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की है।
पत्र के अनुसार दोनों धार्मिक स्थल प्राचीन ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वैकुण्ठ धाम में स्थापित प्राचीन प्रतिमाओं की खुदाई के दौरान प्राप्त धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के प्रमाणों का भी पत्र में उल्लेख किया गया है।
विधायक ने दोनों स्थलों का भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) अथवा संबंधित विशेषज्ञ संस्था से विस्तृत पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक सर्वेक्षण कराने की मांग की है।
इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार वैज्ञानिक खुदाई, संरक्षण एवं जीर्णोद्धार कराने की मांग की गई है।
पत्र में कहा गया है कि इन दोनों धार्मिक स्थलों को केंद्र सरकार की धार्मिक एवं पर्यटन विकास योजनाओं तथा पर्यटन सर्किट में शामिल किया जाना चाहिए।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विश्राम गृह, सौंदर्यीकरण, सूचना केंद्र एवं अन्य आधारभूत पर्यटन सुविधाओं का विकास कराने की भी मांग की गई है।
विधायक ने विराट रामायण मंदिर परियोजना तथा क्षेत्र के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ वैकुण्ठ धाम और कतनौतिया धाम को एक समेकित धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की मांग की है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि नरकटिया विधानसभा क्षेत्र भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ा है। यदि दोनों धामों को राष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान दिया जाए तो भारत एवं नेपाल सहित देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है।
इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और बिहार की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
किसानों के लिए विशेष कृषि विकास पैकेज की मांग
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने नरकटिया विधानसभा क्षेत्र में कृषि और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष केंद्रीय सहायता एवं विभिन्न योजनाओं की स्वीकृति देने की मांग की है।
विधायक ने कहा है कि पूर्वी चंपारण जिले का नरकटिया विधानसभा क्षेत्र एक प्रमुख कृषि क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि एवं उससे जुड़े व्यवसायों पर निर्भर हैं।
किसानों को सीमित सिंचाई संसाधन, आधुनिक कृषि अवसंरचना की कमी, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं उर्वरक की अनियमित उपलब्धता तथा बाजार व्यवस्था की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसके कारण किसानों को अपनी उपज का उचित लाभ नहीं मिल पाता है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
विधायक ने निम्न मांगें रखी हैं—
सिंचाई सुविधाओं का विस्तार
क्षेत्र में चेक डैम, सामुदायिक एवं व्यक्तिगत बोरवेल, सोलर सिंचाई पंप, लघु सिंचाई योजनाओं तथा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर जैसी सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों पर विशेष अनुदान उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि किसानों को वर्षभर निर्बाध सिंचाई सुविधा मिल सके।
कृषि अवसंरचना का विकास
प्रत्येक प्रखंड में आधुनिक कोल्ड स्टोरेज, ग्रामीण गोदाम, वेयरहाउस, कृषि उपज भंडारण केंद्र तथा अत्याधुनिक मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित कराने की मांग की गई है।
इसके साथ ही किसानों के लिए वैज्ञानिक खेती की जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
आधुनिक कृषि तकनीक एवं किसान प्रशिक्षण
छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए आधुनिक कृषि यंत्र बैंक स्थापित करने तथा कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
किसानों को ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं मूल्य संवर्धन से संबंधित नियमित प्रशिक्षण देने की भी मांग की गई है।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के लिए राहत
बाढ़, सूखा, ओलावृष्टि, अतिवृष्टि एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को शीघ्र फसल क्षति मुआवजा, विशेष राहत पैकेज एवं पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
उन्नत बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता
क्षेत्र में प्रमाणित एवं उच्च गुणवत्ता वाले बीज, उर्वरक तथा अन्य कृषि आदानों की पर्याप्त एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्थायी सरकारी वितरण केंद्र स्थापित करने की मांग की गई है।
कृषि विपणन एवं मूल्य संवर्धन
किसानों की उपज का उचित एवं लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक कृषि मंडी, सरकारी खरीद केंद्र, फूड प्रोसेसिंग इकाइयों, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग केंद्र तथा मूल्य संवर्धन की सुविधाओं के विकास की मांग की गई है।
विशेष कृषि विकास पैकेज
विधायक ने नरकटिया विधानसभा क्षेत्र की कृषि क्षमता और किसानों की जरूरतों को देखते हुए विशेष कृषि विकास पैकेज स्वीकृत करने की मांग की है, ताकि सिंचाई, कृषि अवसंरचना, यंत्रीकरण, भंडारण, विपणन एवं किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
विधायक ने कहा कि इन मांगों को स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लाखों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी और किसानों की आय में स्थायी सुधार का रास्ता खुलेगा।
नरकटिया के सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के लिए विशेष योजना की मांग
विधायक विशाल कुमार ने शिक्षा मंत्रालय को भेजे पत्र में नरकटिया विधानसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों की स्थिति का मुद्दा उठाया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश सरकारी विद्यालय आज भी आवश्यक आधारभूत एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित हैं। गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक ने क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों के समग्र विकास के लिए विशेष योजना स्वीकृत करने की मांग की है।
इसके तहत—
आवश्यकता के अनुसार नए विद्यालय भवनों का निर्माण तथा जर्जर भवनों का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार।
प्रत्येक विद्यालय में शुद्ध पेयजल, पृथक एवं स्वच्छ शौचालय, नियमित विद्युत आपूर्ति तथा सौर ऊर्जा की व्यवस्था।
विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए मजबूत चारदीवारी, मुख्य प्रवेश द्वार एवं CCTV कैमरों की स्थापना।
सभी विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल बोर्ड, कंप्यूटर लैब, विज्ञान एवं गणित प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा उच्च गति इंटरनेट की सुविधा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ते हुए स्थानीय उद्योग, कृषि, कंप्यूटर, आईटी एवं अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना।
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के लिए रैंप, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय, सहायक शिक्षण सामग्री, संसाधन कक्ष तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना।
विद्यालयों में खेल मैदान, खेल सामग्री, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं योग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना।
विद्यालयों में शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करना।
पात्र विद्यालयों को पीएम श्री विद्यालय (PM SHRI Schools) एवं समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत शामिल कर विशेष वित्तीय सहायता प्रदान करना।
विद्यालयों का चरणबद्ध सर्वेक्षण कर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कक्षाओं, फर्नीचर, छात्र-छात्राओं के लिए बैठने की उचित व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास कराना।
विधायक ने कहा कि यदि ये सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं तो नरकटिया विधानसभा क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को आधुनिक, सुरक्षित, समावेशी एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा प्राप्त होगी और विकसित क्षेत्रों के विद्यार्थियों के समान शैक्षणिक अवसर मिल सकेंगे।
शिक्षकों की लापरवाही पर विधायक की सख्त चेतावनी
शिक्षा व्यवस्था को लेकर विधायक विशाल कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र के किसी भी विद्यालय में शिक्षक पढ़ाने के बजाय मोबाइल चलाते हुए दिखाई दिए या पढ़ाई के प्रति थोड़ी भी लापरवाही सामने आई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगर कोई शिक्षक विद्यालय में पढ़ाने नहीं जा रहा है, पढ़ाते हुए नहीं दिखाई देता है या विद्यालय में मोबाइल चलाते हुए पाया जाता है और यह मामला उनके संज्ञान में आता है तो वे कार्रवाई के लिए पूरी तरह पहल करेंगे।
विधायक ने मध्याह्न भोजन को लेकर भी स्पष्ट रूप से कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों को उत्तम गुणवत्ता का भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि वे एक युवा विधायक हैं और बिहार में शिक्षा की स्थिति से अच्छी तरह परिचित हैं। बच्चों की पढ़ाई के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही वे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उनका कहना है कि विद्यालय केवल भवन नहीं है, बल्कि बच्चों के भविष्य को तैयार करने का केंद्र है। इसलिए शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचें, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें और विद्यालय में सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं का सही तरीके से उपयोग हो, यह सुनिश्चित करना जरूरी है।
मध्याह्न भोजन में भी बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। यदि भोजन की गुणवत्ता अथवा वितरण व्यवस्था में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बनकटवा में निर्माणाधीन CHC की गुणवत्ता पर सवाल, तकनीकी जांच की मांग
विधायक ने स्वास्थ्य विभाग को भेजे पत्र में नरकटिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बनकटवा प्रखंड में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं एवं घटिया गुणवत्ता की शिकायत का मुद्दा उठाया है।
पत्र में कहा गया है कि स्थानीय ग्रामीणों की ओर से निर्माण कार्य को लेकर गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। शिकायत के अनुसार निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता का पालन नहीं किए जाने की आशंका है तथा भवन के पिलर, बीम, छत एवं अन्य संरचनात्मक हिस्सों में निम्न गुणवत्ता की निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत की गई है।
विधायक ने मामले में राज्य स्तरीय स्वतंत्र तकनीकी जांच दल गठित कर जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रयुक्त निर्माण सामग्री, स्वीकृत DPR, ड्राइंग तथा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुपालन की विस्तृत जांच कराने का अनुरोध किया है।
साथ ही जांच पूरी होने तक आवश्यकता के अनुसार निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले संवेदक, अभियंता, कार्यपालक एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
विधायक ने कहा है कि सरकारी संसाधनों और जनहित की दृष्टि से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप एवं आवश्यक कार्रवाई की आवश्यकता है।
कई मोर्चों पर विकास को लेकर सक्रिय हुए विधायक
नरकटिया विधानसभा क्षेत्र के लिए विधायक विशाल कुमार की ओर से भेजे गए इन पत्रों में रेल, धार्मिक पर्यटन, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को एक साथ उठाया गया है।
एक ओर जहां छौड़ादानो रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है, वहीं दूसरी ओर वैकुण्ठ धाम और कतनौतिया धाम को धार्मिक एवं पर्यटन सर्किट से जोड़ने की पहल की गई है।
कृषि के क्षेत्र में विशेष पैकेज, सिंचाई, भंडारण, आधुनिक कृषि तकनीक और किसानों के लिए बाजार की व्यवस्था की मांग की गई है। वहीं सरकारी विद्यालयों में भवन, स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, इंटरनेट, खेल, पेयजल, शौचालय और शिक्षकों की उपलब्धता जैसे मुद्दे उठाए गए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बनकटवा CHC के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्वतंत्र तकनीकी जांच की मांग की गई है।
विधायक की ओर से उठाए गए इन मुद्दों पर अब संबंधित केंद्रीय एवं राज्य विभागों की कार्रवाई और स्वीकृति पर नजर रहेगी। अगर इन मांगों पर अमल होता है तो इससे नरकटिया विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और यातायात की सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नोट: बनकटवा CHC के निर्माण में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल संबंधी बातें विधायक के पत्र में दर्ज शिकायत/आरोप के आधार पर हैं। इसकी वास्तविक स्थिति तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
