तीसरे प्रयास में नेयाज शहीदी ने नीट 2026 में पाई सफलता

आदापुर। प्रखंड क्षेत्र के सिरिसिया कला गांव निवासी अशरफ अली (उर्फ भोट मिस्त्री) के पुत्र नेयाज शहीदी ने तीसरे प्रयास में NEET 2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।नेयाज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बंशीधर हाई स्कूल से दसवीं तथा इंटरमीडिएट की पढ़ाई राजा राम शाह कॉलेज, रक्सौल से पूरी की। उन्होंने पटना में अपने भाइयों के साथ रहकर सेल्फ स्टडी और नियमित टेस्ट प्रैक्टिस के माध्यम से नीट की तैयारी की। उन्होंने बताया कि लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर तीसरे प्रयास में उन्हें यह सफलता मिली।नेयाज तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। उनके बड़े भाई जाफर अली दुबई में मैकेनिकल विभाग में कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई परवेज आलम बीपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। उनके चचेरे भाई एमडी सलीम (उर्फ मस्तु भैया) ने भी तैयारी के दौरान उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, उनके मौसी के बेटे के बीपीएससी की 70वीं परीक्षा में डीएसपी बनने से भी उन्हें प्रेरणा मिली।नेयाज ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, भाइयों और परिवार के सहयोग के साथ-साथ नियमित स्वाध्याय को दिया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर प्रयास और सही रणनीति से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।